Study Tips

कालिदास के पद्यकाव्यों का परिचय - प्रो॰ उमाशंकर शर्मा ‘ऋषि’

कुमारसम्भवम् (पञ्चमः सर्गः) की भूमिका से | व्याख्याकार - डॉ॰ कुन्दन कुमार (सारस्वतम् पब्लिकेशन)

महामहोपाध्याय प्रो॰ उमाशङ्कर शर्मा ‘ऋषि’राष्ट्रपति सम्मानित, पूर्व संस्कृत विभागाध्यक्ष, पटना विश्वविद्यालय
12 Sep 2025
8 min read

महाकवि कालिदास के चारों प्रसिद्ध पद्यकाव्यों—ऋतुसंहार, मेघदूत, कुमारसम्भव और रघुवंश का विस्तृत शास्त्रीय एवं साहित्यिक परिचय।

1. ऋतुसंहार

कालिदास की कृतियों में यह कालक्रम की दृष्टि से प्रथम रचना है जिसे कवि ने अपनी युवावस्था में लिखा था। छह सर्गों के इस लघुकाव्य को गीतिकाव्य की श्रेणी में रखा जाता है। इसमें ग्रीष्म ऋतु से आरम्भ करके (निदाघकालोऽयमुपागत: प्रिये) से क्रमश: वर्षा (घनागम: कामिजनप्रिय: प्रिये), शरद् (प्राप्ता शरन्नववधूरिव रूपरम्या), हेमन्त (हेमन्तकाल: समुपागतोऽयम्), शिशिर (वरोरु कालं शिशिराह्वयं शृणु) और वसन्त (वसन्तयोद्धा समुपागत: प्रिये) - इन छह ऋतुओं का शृङ्गारपूर्ण वर्णन है। पूरा काव्य इस भाव से अनुप्राणित है कि वक्ता अपनी प्रेमिका को छहों ऋतुओं के महत्त्वपूर्ण दृश्यों को स्थापित करते हुए उसमें कामपरक उत्सुकता का उद्दीपन करता है।

इसके वर्णन यथार्थता के अतिरिक्त भारतीय परिवेश की अद्भुत पृष्ठभूमि की प्रस्तुति करते हैं जैसे शिशिर ऋतु के वर्णन की अन्तिम पंक्तियाँ हैं - प्रचुरगुडविकार: स्वादुशालीक्षुरम्य: (इस ऋतु में गुड़ से बने अनेक पकवान मिलते हैं, सुस्वादु चावल खाने और ईख चूसने की व्यवस्था से यह ऋतु रम्य है)। प्रियजनरहितानां चित्तसन्तापहेतु: (प्रियजनों से रहित लोगों के मन में सन्ताप उत्पन्न करने वाली यह शिशिर ऋतु है)। कुछ ही स्थलों में यह काव्य समास-युक्त पदावली प्रस्तुत करता है अन्यथा सरल कोमल पदरचना इसका प्राण है।

द्रुमा: सपुष्पा: सलिलं सपद्मं स्त्रिय: सकामा: पवन: सुगन्धि:।
सुखा: प्रदोषा दिवसाश्च रम्या: सर्वं प्रिये चारुतरं वसन्ते॥ (6.2)

सम्पूर्ण काव्य में 144 पद्य विभिन्न लोकप्रिय छन्दों में हैं। कवि के तरुण प्रयास की झलक इसमें स्थान-स्थान पर मिलती है।

2. मेघदूत

यह गीत्यात्मक प्रबन्धकाव्य पूर्वमेघ और उत्तरमेघ इन दो भागों में विभक्त है। पूरा काव्य मन्दाक्रान्ता छन्द में रचित है। इसमें विरह-विदग्ध यक्ष का सन्देश अपनी प्रियतमा के पास मेघ को दूत बनाकर भेजा गया है। इसे प्राचीन काव्यशास्त्री खण्डकाव्य कहते हैं किन्तु गीति (Lyric) की पाश्चात्त्य विधा से प्रभावित लोग गीतिकाव्य मानते हैं। एक अचेतन पदार्थ मेघ द्वारा सन्देश-प्रेषण का इतिवृत्त होने सेइसे सन्देशकाव्य या दूतकाव्य भी कहा जाता है। इसके पूर्वमेघ में 63 पद्य और उत्तरमेघ में 52 पद्य हैं जिससे संपूर्ण काव्य में 115 पद्य हैं यद्यपि विभिन्न संस्करणों में पद्यसंख्या 108 से लेकर 127 तक मिलती है।

स्पष्टत: इस काव्य की लोकप्रियता के कारण विभिन्न युगों में पद्यों का प्रक्षेप (interpolation) होता रहा है। इसके अनेक संस्करण, टीकाएँ तथा भाषान्तर पिछली दो शताब्दियों में हुए हैं। इस पर संस्कृत में प्राय: 50 टीकाएँ मिलती हैं। विल्सन (H.H.Wilson) ने 1813 ई॰ में इसका अंग्रेजी पद्यानुवाद The Cloud Messenger के नाम से कलकत्ता से प्रकाशित किया था।

मेघदूत के पूर्व भाग में अलकापुरी के निवासी कुबेर के सेवक यक्ष के वर्षावधि के लिए मिले शाप के कारण मध्यभारत के रामगिरि (आधुनिक रामटेक, नागपुर के पूर्वोत्तर में स्थित) में निवास का वर्णन है। पूर्वमेघ में रामगिरि से अलकापुरी तक के वर्षाकालीन मार्ग का वर्णन है जिसमें नदियों, पर्वतों, नगरों आदि के हृदयावर्जक चित्र अंकित हैं। इस काव्य का हृदय उत्तरमेघ है; जिसमें अलकापुरी के वर्णन के अनन्तर यक्ष अपना मार्मिक सन्देश व्यक्त करता है।

मेघदूत के अनुकरण पर संस्कृत में अनेक दूतकाव्य लिखे गये जिनमें जम्बूकवि का चन्द्रदूत (959 ई॰), धोयी का पवनदूत (1200 ई॰), हंसदूत, उद्धवदूत, कोकिलसन्देश, नेमिदूत आदि पचासों दूतकाव्य हैं।

3. कुमारसम्भव

इस महाकाव्य में यद्यपि अभी 17 सर्ग मिलते हैं तथापि प्रथम आठ सर्ग ही कालिदास-कृत माने जाते हैं; शेष नौ सर्ग किसी प्रतिभाशाली कवि ने कथापूर्ति के लिए जोड़ दिये हैं। मल्लिनाथ की सञ्जीवनी, चारित्रवर्धनाचार्य की शिशुहितैषिणी टीका, अरुणगिरिनाथ की प्रकाशिका टीका और नारायण की विवरण टीका भी इन आठ सर्गों तक ही प्राप्त होती है। शिव-पार्वती के प्रेम से सम्बद्ध आठ सर्ग हैं। हिमालय की पुत्री के रूप में जन्म लेने वाली उमा (पार्वती) शिव की प्राप्ति के लिए अनेक उपाय करती है; अन्तत: तपस्या से उन्हें वश में कर पाती है, दोनों का विवाह हो जाता है तब प्रणय-लीला होती है जो कुमारकार्तिकेय के जन्म का कारण बनती है।

कालिदास ने कुमारसम्भव (8 सर्ग) के प्रथम सर्ग के आरम्भ में पर्वतराज हिमालय का वर्णन 15 श्लोकों में किया है। द्वितीय सर्ग में तारक नामक असुर से पीड़ित देवताओं द्वारा ब्रह्मा की प्रार्थना की जाती है। तृतीय सर्ग में कामदेव को शिव अपनी तीसरी आँख के तेज से भस्मसात् कर देते हैं। चतुर्थ सर्ग में कामदेव की पत्नी रति का विलाप वर्णित है।

पञ्चम सर्ग कुमारसम्भव का श्रेष्ठ सर्ग है जिसमें शिव को प्रसन्न करने के लिए पार्वती की तपस्या और ब्रह्मचारी के वेश में आये हुए शिव द्वारा पार्वती के प्रेमभाव की परीक्षा लेने के विषय में लम्बा संवाद का हृदयावर्जक निरूपण है। शिव कृत परीक्षा में पार्वती सफल हो जाती है जिससे प्रसन्न होकर अन्त में शिव कहते हैं - 'क्रीतस्तपोभिरिति' (आज से मैं तुम्हारा दास हूँ; अपनी तपस्या से तुमने मुझे खरीद लिया है)। षष्ठ सर्ग में विवाह का वाग्दान और सप्तम सर्ग में शिव-पार्वती का विवाह होता है।

क्रीतस्तपोभिरिति - पार्वती का तपोजन्य क्लेश शिव के इस वाक्य ने तत्काल दूर कर दिया।

4. रघुवंश

यह कालिदास कृत 19 सर्गों का महाकाव्य है जिसमें दिलीप से लेकर अग्निवर्ण तक 29 राजाओं का वर्णन है जो सूर्यवंश के थे। रघु के अद्भुत कार्यों तथा आश्रम-मर्यादा के संपूर्णतया पालन के कारण इस वंश को साहित्य में रघु के वंश के रूप में जाना जाता है। रघु के पिता दिलीप के वर्णन से इस काव्य का आरम्भ होता है। इस काव्य की रचना करने से कवि को ‘रघुकार’ भी कहा गया था - ‘क इह रघुकारे न रमते’ (अभिनन्द)।

रघुवंश के प्रथम सर्ग में रघुवंशी राजाओं की विशिष्टताओं का निरूपण करते हुए कालिदास ने दिलीप और उनकी पत्नी सुदक्षिणा का वर्णन किया है। द्वितीय सर्ग में दिलीप द्वारा नन्दिनी गौ की सेवा का मार्मिक चित्रण है। तृतीय सर्ग में रघु के जन्म, दिग्विजय और राज्याभिषेक का वर्णन है। षष्ठ सर्ग इन्दुमती-स्वयंवर के रूप में अधिक विख्यात है जिसमें इन्दुमती की उपमा ‘दीपशिखा’ से दी गई है जो कालिदास की श्रेष्ठ उपमा कही गई है। दशम सर्ग से पञ्चदश सर्ग तक राम की कथा बहुत विस्तार से प्रस्तुत है।

एकवंशभवा भूपा: कुलजा बहवोऽपि वा।
रघुवंश ने यह सिद्ध किया कि जिस वंश में रघु और राम जैसे प्रतापी राजा हुए उसी में अग्निवर्ण जैसा विलासी राजा भी हुआ जो क्षयरोग से मरा।

कुमारसम्भवम् (पञ्चमः सर्गः) - पुस्तक देखें

व्याख्याकार: डॉ॰ कुन्दन कुमार | प्रकाशक: सारस्वतम् पब्लिकेशन

पुस्तक खरीदें

महामहोपाध्याय प्रो॰ उमाशङ्कर शर्मा ‘ऋषि’

राष्ट्रपति सम्मानित, पूर्व संस्कृत विभागाध्यक्ष, पटना विश्वविद्यालय

कुमारसम्भवम् (पञ्चमः सर्गः) की भूमिका से (व्याख्याकार - डॉ॰ कुन्दन कुमार, सारस्वतम् पब्लिकेशन)

सारस्वतम् पब्लिकेशन द्वारा प्रकाशित एवं संरक्षित साहित्यिक रचनाएँ, जो संस्कृत साहित्य एवं भारतीय ज्ञान परम्परा को समृद्ध करती हैं।

Comments (2)

डॉ॰ रमेश चन्द्र14 Sep 2025

कालिदास के पद्यकाव्यों का यह परिचय अत्यंत प्रामाणिक एवं ज्ञानवर्धक है। प्रो॰ उमाशंकर शर्मा ‘ऋषि’ जी का विश्लेषण बेजोड़ है।

सुनील शर्मा13 Sep 2025

ऋतुसंहार और मेघदूत का यह विवरण संस्कृत विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी है। धन्यवाद सारस्वतम्!

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *